दुर्गागंज। अर्जुनपुर गांव निवासी वृद्ध की रविवार को जौनपुर जिले के मछलीशहर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में जा रहे पिता एक अन्य बाइक से टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलरो ने धक्का मार दिया। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सक ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
दुर्गागंज थानाक्षेत्र के अर्जुनपुर गांव निवासी कड़ेदीन पाल (70) की सड़क हादसे में मौत की सूचना मिलने पर यहां परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि कड़ेदीन अपने पुत्र गोपाल पाल (38) के साथ बाइक पर सवार होकर मछलीशहर-जमुहर स्थित बहन के घर जा रहे थे। उसी दौरान एक अन्य बाइक से टकराकर उनकी बाइक असंतुलित हो गई और दोनों लोग गिर पड़े। पीछे से आ रही बोलेरो की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को जौनपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र गोपाल की भी हालत नाजुक बताई जा रही है। यहां जानकारी मिलने के बाद परिजन बिलखने लगे। कुछ लोग जौनपुर के लिए रवाना हो गए, जबकि घर के अन्य सदस्य गमगीन हो गए।