ज्ञानपुर। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले भर में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई। पोलियो रविवार के चलते स्कूल खुले रहे। सुबह आठ बजे से शाम तक बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बच्चों को दवा पिला कर अभियान का आगाज किया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसे रोग से बचने के लिए सरकार नि:शुल्क दवा पिला रही है। सभी को चाहिए कि अपने बूथों पर पहुंच कर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद दवा पिलाएं। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय खुले रहे। स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनने से गरीब तबके के बच्चे पहुंचे। कुछ विद्यालयों में बुलौवा टोली बनाकर गांव में लोगों से पोलियो दवा पिलाने का आग्रह किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि अभियान में रविवार को एक लाख 27 हजार 811 बच्चों को दवा पिलाई गई। उन्होंने कहा कि 45.50 फीसदी बच्चों को दवा दी गई। सोमवार से लेकर शुक्रवार तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। मौके पर सगीर हसन, शाह जफरूल, मो. इलियास, इकरामुल हक, परवेज आलम, अनीस अख्तर आदि मौजूद रहे।