लालानगर/गोपीगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से नगर क्षेत्र में चलाए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान को गति देते हुए टीम जैसे ही ज्ञानपुर रोड होते हुए सदर मोहाल, छोटी चौमुहानी, अंजही मोहल तक पहुंची, अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी मच गई। जल निकास के लिए बनी नाली और सड़क के दोनों ओर ठेला-खोमचा, गुमटी, बारजा, तिरपाल, टिनशेड को लोग हटाने-बढ़ाने लगे। टीम ने सड़क पर सजीं दुकानों को ध्वस्त कर सामान को कब्जे में ले लिया। एक बैंक प्रबंधक को अतिक्रमण कर रखे गए जनरेटर को अविलंब हटा लेने का नोटिस दिया गया।
उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर कविता मीना के नेतृत्व में नायब तहसीलदार संजीव कुमार यादव, ईओ अमिता सिंह, राजस्व निरीक्षक अनूप कुमार श्रीवास्तव, जेई आबिद अली खां, लेखपाल बेलाल अहमद, रमाकांत लाल, चौकी और कोतवाली पुलिस ने ज्ञानपुर रोड के फूलबाग से अभियान की शुरुआत की। इस दौरान आधा दर्जन स्थानों पर पहुंच कर टीम ने अवैध अतिक्रमण किए सरकारी जमीन को खाली कराया। पूर्व की सूचना पर अतिक्रमण न हटाने और विरोध करने वाले आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों से नौ हजार सात सौ रुपये जुर्माना भी वसूला गया। अभियान में पालिका कर्मी मंगला पांडेय, विष्णु पांडेय, तौकीर अली, अचल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।