औराई। उगापुर में यूको बैंक के सामने सोमवार को उचक्कों ने एक बाइक की डिक्की से 35 हजार रुपये उड़ा दिए। युवक बैंक से पैसे निकाल कर जा रहा था। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जाने लगा। हालांकि दोपहर बाद तक पुलिस इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला था।
कोतवाली क्षेत्र के उगापुर स्थित यूको बैंक के सामने खडी बाइक की डिग्गी में रखे हजारों रुपये पर हाथ साफ कर बाइक सवार उचक्कों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दे दी। क्षेत्र के सायर गांव निवासी गोपेश कुमार यादव औराई स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से 35 हजार रुपये निकाल कर एक झोले में भरकर डिग्गी में रख लिया। उसके बाद वह सीधे उगापुर में संचालित यूको बैंक के सामने पहुंचे। जहां बाइक को खड़ी कर बैंक के अंदर पासबुक लेने चले गए। कुछ देर बाद बैंक से बाहर निकले तो देखा कि एक उचक्का बाइक की डिग्गी खोल कर रुपये निकालने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर वह सड़क पर पहले से खड़े बाइक सवार एक अन्य उचक्के के साथ भाग निकला। भुक्तभोगी के मुताबिक उचक्कों ने 35 हजार नगद के अलावा पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड आदि ले लिया। भागते समय उचक्कों ने चेकबुक आदि को बभनौटी के पास फेंक दिया। राहगीरों की नजर पड़ने पर मोबाइल से फोन कर पीड़ित को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल पर पुलिस ने भुक्तभोगी से पूछताछ की। पुलिस गोपेश को लेकर कभी बड़ौदा तो कभी यूको बैंक का चक्कर लगाती रही, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह कर लौट गई।