ऊंज। थानाक्षेत्र के वहिदा मोड़ के पास शनिवार शाम को बाइक से गिरकर जौनपुर के एक एक कांवरिया की मौत हो गई। कांवरिया कैंसर पीड़ित बताया गया। पुलिस ने शव को परिवार वालों को सौंप दिया। कांवरियो से जुड़ा मामला होने से थानाध्यक्ष से लेकर आला अधिकारी सतर्क हो गए। कई थानों की पुलिस घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल ज्ञानपुर तक डटी रहीं।
जौनपुर के रामपुर थानाक्षेत्र के गोरापट्टी निवासी निखिल चौधरी (15) पुत्र राधेश्याम चौधरी कैंसर से पीड़ित था। मुंबई के टाटा हास्पिटल में उपचार के दौरान कांवर ले जाने की मनौती माना था। उसी के तहत वह अपने दोस्त अखिलेश संग बाइक से प्रयागराज गया। वहां से गंगा जल लेकर वाराणसी जा रहा था। ऊंज के समीप दोस्त से से बाइक मांगकर खुद चलाने लगा। उसके साथ दूसरी बाइक से पिता राधेश्याम भी कांवर लेकर निकला था। वहिदा मोड़ के पास पैदल जा रहे एक कांवरिया को टक्कर मार दिया। इसके बाद निखिल चौधरी खुद बाइक से गिर गया। आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर पुलिस उसे ज्ञानपुर जिला अस्पताल लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कांवरियो से जुड़ा मामला होने से ऊंज, गोपीगंज थाने की पुलिस सतर्क हो गई। घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल तक पुलिस डटी रही। अपर पुलिस अधीक्षक एके वर्मा भी जिला अस्पताल में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि कांवरिया कैंसर से पीड़ित था। मनौती पूरा करने के लिए वह कांवर लेकर जा रहा था। परिवार वालों की मौजूदगी में शव सौंपा गया। बताते चलें कि ऊंज में 2007 में हुई घटना को लेकर पुलिस कम समय में अलर्ट हो गई।