परीक्षा के मद्देनजर बैठक करते अधिकारी
- फोटो : Amar Ujala
जिलाधिकारी विशाल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर बैठक की गई। इसमें 24 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण कराने पर जोर दिया गया। तीन जोनल, 12 सेक्टर और 94 स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वह अपने-अपने तहसील वाइज सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर रणनीति बना लें। सभी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी है कि वह परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कराएं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में 26 हजार 912 और हाईस्कूल में 28 हजार 295 समेत कुल 55 हजार 207 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
डीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई है। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के बारे में केंद्र व्यवस्थापकों को जानकारी दी।
कहा कि परीक्षा में कोई गड़बड़ी होगी तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, एसडीएम अरुण गिरी, बरखा सिंह, श्याममणि त्रिपाठी आदि रहे।
सादी वर्दी में रहेगी पुलिस, लगेगा गैंगेस्टर: एसपी
ज्ञानपुर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। सभी परीक्षा केंद्रो की व्यापक सुरक्षा रहेगी। प्रश्नपत्र स्थल एवं केंद्रो के आसपास सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने और परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग कराने वाले अवांछनीय तत्वों पर कार्रवाई होगी। साल्वर गैंग के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।