ट्रेन से कटकर हुई छात्र की मौत के बाद सीएचसी गोपीगंज पहुंचे परिजन।
- फोटो : BHADOHI
लालानगर। वाराणसी-प्रयागराज रेल रूट पर ककराही रेलवे फाटक के समीप बुधवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। युवक सुरियावां का निवासी था। वह जिले के एक डिग्री कॉलेज में बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
सुरियावां क्षेत्र के गोपीपुर करोड़ गांव निवासी नितेश पांडेय (21) पुत्र कृष्ण कुमार पांडेय जंगीगंज स्थित रामदेव डिग्री कॉलेज में बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था। वह गोपीगंज में किराए पर कमरा लेकर रहता था। बुधवार को सुबह लगभग नौ बजे ज्ञानपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित ककराही फाटक के पास वाराणसी की ओर जा रही डाउन मंडुआडीह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन चालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के पिता की मौत पिछले माह हो गई थी और घर पर मां और एक छोटे भाई थे। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन, उसकी जेब से मॉस्कीटो क्वॉयल का एक पैकेट मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।