भदोही। बैंक कर्मचारियों की कुछ यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल की घोषणा की है। बैंककर्मियों की हड़ताल को देखते हुए आरबीआई ने रविवार को बैंकों में सामान्य कामकाज के निर्देश दिए हैं। जनपद के लीड बैंक मैनेजर अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि लोगों की परेशानी कम करने के लिए सभी बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्रों को बंदी और हड़ताल के दौरान सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
भदोही जिले में राष्ट्रीयकृत और गैर राष्ट्रीयकृत कुल 141 बैक शाखाएं हैं। जहां प्रतिदिन क्लीयरिंग ही लगभग 200 करोड़ की होती है। कुछ बैंक यूनियनों ने सप्ताह में पांच दिन कामकाज की मांग करते हुए गत 11 सितंबर को हड़ताल से कामकाज ठप कर दिया था। अब फिर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की है। बैंकों की हड़ताल को देखते हुए व्यापारी और आमजन इस बात को लेकर चिंतित हैं कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने से बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद रविवार को भी बंदी रहेगी। ऐसे में कुल पांच दिन बंदी से व्यापार पर असर पड़ सकता है। त्योहारी सीजन भी शुरू हो रहा है। ऐसे में मजदूरों, कर्मचारियों का भुगतान भी महीने के अंतिम दिन रुक सकता है। उधर, लोगों की परेशानी को समझते हुए भारतीय रिजर्व बैंक आगे आया है। एलडीएम ने बताया कि अभी तक उनके पास जो सूचना है उसके आधार पर रविवार को बैंक खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर में खुले विभिन्न बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्रों को विशेष रूप से हड़ताल के दौरान सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न बैंकों के एटीएम से लोगों को कैश मिल सके, इसके लिए बैंकों के शीर्ष अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।