जिले में गेहूं खरीद की स्थिति जानने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर अपने सामने गेहूं की तौल कराई। इसके बाद केंद्र प्रभारी को आगाह किया कि किसानों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र प्रभारी को किसानों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की हिदायत भी दी। आगाह किया कि केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने उगापुर स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण। इस दौरान वहां केंद्र प्रभारी शिवसागर उपस्थित मिले। केंद्र पर ट्रैक्टर से उतारकर किसानों के गेहूं का वजन किया जा रहा था। केंद्र प्रभारी ने जिलाधिकारी को बताया कि अभी तक जिन किसानों ने पंजीकरण कराया है, उनमें से मंगलवार को पहली बार अलगू, सूर्यबली, संजीव की तरफ से केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए लाया गया हैं। डीएम ने मौके पर मौजूद किसानों से भी बात की। खतौनी से उनके गेहूं का मिलान भी कराया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर पंखा, नमी मापक यंत्र, कांटा, बोरा तथा पर्याप्त मात्रा में धनराशि उपलब्ध मिली। उन्होंने केंद्र पर रखे गेहूं के बोरे को पुन: अपने सामने वजन मशीन पर रखवाकर तौल कराई। साथ ही केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया गया कि रजिस्ट्रेशन के अनुसार ही नंबर लगाकर किसानों के गेहूं की तौल कराई जानी चाहिए।