क्रय केंद्र जंगीगंज पर गेहूं की तौल कराते किसान। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। समर्थन मूल्य 1950 रुपये प्रति क्विंटल की दर 26 केंद्रों पर होने वाली खरीद की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे विपणन विभाग तेजी दिखा रहा है। लगभग चार दिनों तक हुई बेमौसम बारिश के कारण खरीद का कार्य सुस्त पड़ने पर विभागीय धड़कन बढ़ी थी लेकिन मौसम के साफ होते ही एक बार फिर क्रय केंद्रों के बाहर किसानों की चहल-पहल दिखने लगी है।
जिला विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्रा ने बताया कि एक अप्रैल से खरीद करने का निर्देश मिला था। विपणन, पीसीएफ, एफसीआई और मंडी परिषद के अधीन 26 केंद्रों का निर्धारण करते हुए 10 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण, नौ सौ से अधिक का सत्यापन होने पर अब तक 25358 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। शासन की ओर से खरीद का कोई लक्ष्य निर्धारण न होने के बाद भी किसी केंद्र पर पहुंचने वाले किसानों को टोकन व्यवस्था अंतर्गत खरीद में पारदर्शिता बरती जा रही है। अहम बात यह कि ई-पाप मशीन पर अंगूठा लगाने वाले किसानों को किसी भी तरह की समस्या खरीदारी के समय नहीं उठानी पड़ रही है। भुगतान के सवाल पर बताया कि 50 करोड़ आठ लाख में से 42 करोड़ 45 लाख का भुगतान भी किया जा चुका है। सौ किसानों की सत्यापन रिपोर्ट शीघ्र ही आ जाएगी। ग्रामीण बैंक केजीएसबी के आईएफसी कोड में बदलाव होने के कारण 75 किसानों के भुगतान में आ रहे व्यवधान भी उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से दूर कराकर खातों में समर्थन मूल्य भेज दिया जाएगा।