भदोही। नगर के धौरहरा निवासी आनंद कुमार दूबे को भ्रष्टाचार के खिलाफ रैली निकालना महंगा पड़ा। बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार विरोधी तख्तियां लेकर कुछ लोगों के साथ नारेबाजी करते तहसील पहुंचने पर रजपुरा पुलिस ने उन्हें आठ अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उनसे रैली करने के लिए अनुमति पत्र मांगा गया। नहीं दिखा पाने पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि आनंद कुमार दूबे तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले तीन महीनों में तीन बार रैली निकाल चुके हैं। बृहस्पतिवार को भी उन्होंने मर्यादपट्टी से रैली निकाली। रजपुरा पुलिस चौकी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि दूबे समेत नौ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।