ज्ञानपुर। हाइवे से टहलने वाले गाय, सांड़ को गायब करने वाला एक पशु तस्कर आखिरकार बुधवार को क्राइम ब्रांच और औराई पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एक साल से वह फरार चल रहा था। मुखबीर की सूचना पर औराई तहसील गेट से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कौशांबी में दर्जन भर से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।
औराई क्षेत्राधिकारी लेखराज सिंह ने बताया कि चार मई 2019 में पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा। जांच करने पर उसमें18 राशि गोवंश (सांड़) पड़े थे, जिसमें से 13 मृत और पांच जिंदा थे जबकि तस्कर फरार हो गया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान तस्कर इरफान पुत्र मुस्तफा हुसैन निवासी महरूपपुर कोखराज कौशांबी के खिलाफ पशु क्रूरता समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसपी रामबदन सिंह के निर्देश पर गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई। क्राइम ब्रांच और औराई पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ले रही थी। बुधवार की सुबह मुखबिर से खबर मिलने पर औराई तहसील गेट से पशु तस्कर इरफान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि प्रयागराज से वाराणसी के मध्य वह हाइवे से रात में मवेशियों को पकड़वाता था। उसके लिए एक लोहे की जाल का इस्तेमाल करता था। मवेशियों के पैर में डालने से वे गिर जाते और उसके बाद उन्हें छोटे वाहनों में लादकर एक जगह एकत्रित करता। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नवधन के कुछ तस्करों से संबंध रहे। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। बताते चलें कि अमर उजाला ने हाइवे से गायब हो रहे मवेशी समेत कई खबरें प्रकाशित की। जिसको लेकर एसपी ने टीमों की चूड़ी कसी। गिरफ्तारी टीम में स्वाट प्रभारी अजय सिंह, सचिन झा, सर्वेश राय, नरेंद्र सिंह, तुफैल अहमद, नीरज यादव, सुभाष सिंह, अमरनाथ सिंह आदि रहे।