भदोही। बीते मंगलवार को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से सूरत से भदोही पहुंचे 42 वर्षीय एक व्यक्ति की नगर स्थित राजकीय एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार की रात मौत हो गई। मृतक दुर्गागंज थाना क्षेत्र के सरायभाव सिंह का निवासी बताया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसे सामान्य रोग था, जिसका उपचार किया जा रहा था लेकिन मौत के बाद उसका स्वैब लेकर परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया है।
जानकारी हो कि उक्त व्यक्ति सूरत से ट्रेन से भदोही पहुंचा था। उसकी तबियत खराब थी। तब उसे सीएचसी सुरियावां में भर्ती कराया गया था। लेकिन बताते हैं कि वहां उसकी हालत खराब देख कर भदोही राजकीय अस्पताल भेज दिया गया। इस बीच एमबीएस अस्पताल में ही उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसका स्वैब लेकर परीक्षण के लिए लखनऊ भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने राजकीय एंबुलेंस से उसका शव ले जाकर अंतिम संस्कार कराया। चिकित्सक डा. वीके मौर्य ने बताया कि उसे बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ थी।