घोसिया स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र के पोषाहार में कीड़े मिलने पर एसडीएम स्तब्ध रह गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और देर से पहुंचे एबीआरसी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की। इस दौरान स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए शिक्षकों को चेतावनी दी।
जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु के निर्देश पर एएसडीएम आशीष कुमार मंगलवार को सुबह 11 बजे ब्लाक संसाधन केंद्र घोसिया में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किए तो वहां एक भी बच्चे नहीं मिले। परिसर में बच्चों को खाने के लिए रखे पोषाहार में कीड़े मिले और पानी भी प्रदूषित मिला।
सहायिका पुष्पा देवी अकेले बैठी थी जबकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित रही। केंद्र के आसपास शराब की बोतलें और गंदगी पाई गई। एएसडीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी और सीडीपीओ से वार्ता कर स्थिति बेहतर करने का निर्देश दिया। ब्लाक संसाधन केंद्र पर एबीआरसी धर्मराज अनपुस्थित रहे। आसपास के लोगों ने बताया कि बीआरसी पर प्रतिदिन शाम को शराबियों का जमावड़ा लगता है। कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई लेकिन कोई पहल नहीं हुई। एएसडीएम ने एबीआरसी के अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप देंगे। वही संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इसी क्रम में एएसडीएम ने प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय डभका, प्राथमिक विद्यालय रामापुर, माधोसिंह, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसिया, प्राथमिक विद्यालय उगापुर, अमवां का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति खराब होने पर शिक्षकों को चेतावनी दी। कहा कि भविष्य में खामियां मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।