जबकि औराई ब्लॉक में तीनों प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं। रविवार को दोनों ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख के लिए वोट डाले जाएंगे। शनिवार को डीएम और एसपी ने सुरियावां ब्लॉक का निरीक्षण किया।
इस दौरान विभागीय अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सुरक्षा चाक चौबंद रखने का निर्देश दिया।
जिले के छह ब्लॉकों में होने वाले प्रमुख चुनाव के लिए शुक्रवार को नामाकंन किया गया। चार ब्लाकों से मात्र एक प्रत्याशी के नामांकन करने से वहां मतदान की नौबत ही नहीं आई। चारों प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। औराई और सुरियावां ब्लॉक में पक्ष-विपक्ष होने से दोनों ब्लॉकों में प्रमुख के निर्वाचन के लिए सात फरवरी को वोट डाले जाएंगे। नाम वापसी के दिन शनिवार को सुरियावां ब्लॉक की प्रत्याशी ज्ञानी देवी ने नाम वापस ले लिया। इससे अब सुरियावां में अनिरुद्ध तिवारी और सुशीला देवी के बीच सीधा मुकाबला होगा। औराई ब्लॉक के तीनों प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं। इससे बृजमोहन मिश्रा, नंदलाल पांडेय और नंदलाल गौतम एक दूसरे से दो-दो हाथ करेंगे। शनिवार को सुरियावां ब्लाक पर डीएम प्रकाश बिंदु और एसपी एके राय पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन का निर्देश दिया। डीएम ने ब्लॉक परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश मातहतों को दिया।
उन्होंने कहा कि औराई और सुरियावां ब्लॉक में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। पुलिस, पीएसी बड़ी संख्या में मौजूद की गई है। वहीं दूसरी ओर भदोही एसडीएम आशाराम और सीओ अयोध्या प्रसाद सिंह फोर्स के साथ सुरियावां ब्लॉक के दोनों प्रत्याशियों के यहां छानबीन की।
इनसेट
नाम का भ्रम दूर करने की मांग
ज्ञानपुर। औराई ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख पद के सपा प्रत्याशी नंदलाल पांडेय ने शनिवार को जिला निर्वाचन आधिकारी को पत्रक देकर एक नाम के दो प्रत्याशी होने के कारण उत्पन्न भ्रम को दूर करने की मांग की। पत्रक में कहा कि औराई ब्लॉक में प्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशी नंदलाल पांडेय पुत्र मूलशंकर पांडेय और नंदलाल गौतम पुत्र होरीलाल चुनाव लड रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों का नाम एक होने से मतदाताओं में भ्रम पैदा हो रहा है। पत्र में मांग की गई कि दोनों प्रत्याशियों के नाम के साथ जाति को जरूर जोड़ा जाए, जिससे मतदान के समय भ्रम की स्थिति न हो।