कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मो. हसनैन अंसारी ने घर वापसी करते हुए पुनः समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उन्हें लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सदस्यता दिलाई। इस दौरान भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग भी मौजूद रहे। बताया जाता है कि नगर पालिका चुनाव में हसनैन अंसारी की पत्नी को अध्यक्ष पद के लिए सपा का टिकट मिला था, लेकिन बाद में टिकट काटकर किसी अन्य प्रत्याशी को दे दिया गया।
इससे नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था और चुनाव लड़ा था। उस समय हसनैन अंसारी सपा के जिला उपाध्यक्ष पद पर थे। मो. हसनैन अंसारी को जिले में पिछड़े अल्पसंख्यकों, खासकर अंसारी बिरादरी के प्रभावशाली नेता के रूप में माना जाता है। उनकी सपा में वापसी कराने में विधायक जाहिद बेग की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। इस दौरान हसनैन अंसारी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को एकजुट होकर वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव और समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव टोनी मंसूरी भी मौजूद रहे।