ज्ञानपुर। नौ दिन तक चले देवी आराधना के पवित्र पर्व शारदीय नवरात्र के बाद दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर तेज हो गया है।
बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर नगर की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान मुख्य राजवाहा पर विसर्जन करने वालों की भीड़ लगी रही। डीजे की धुन पर श्रद्धालु थिरकते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे।
नवरात्र खत्म होने के बाद बुधवार को ज्यादातर स्थानों की दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जित हो गईं, लेकिन कुछ इलाकों में बृहस्पतिवार को प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। ज्ञानपुर नगर के बालीपुर, मिश्रा मार्केट, पुरानी बाजार, विद्युत उपकेंद्र परिसर में स्थापित मूर्तियों को परंपरागत तरीके से विसर्जित किया गया।
प्रतिमा स्थल से महिला- पुरुष और बच्चे एक दूसरे को अबीर गुलाल जयकारा लगाते हुए जुलूस में आगे बढ़ रहे थे। उसके बाद ढोल-ताशे के साथ नाचते-झूमते भक्तों की टोली सरोवरों तक पहुंची और मां के जयकारे के साथ प्रतिमा को विसर्जित किया गया।
ज्ञानपुर मुख्य नहर में काफी संख्या में प्रतिमाएं विसर्जित हुईं। जुलूस में शामिल युवा आगे-आगे आतिशबाजी करते हुए बढ़ रहे थे।