भदोही जिले के सुरियावां थानाक्षेत्र के कस्तूरीपुर बाजार में फंदे से लटक कर महेंद्र कुमार भोजवाल (55) ने जान दे दी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने टीनशेड में लटके शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्तूरीबाजार निवासी छोटेलाल गुप्ता का बेटा महेंद्र कुमार भोजवाल कलकत्ता में टैक्सी चलाकर परिवार का जीवकोपार्जन करता था। तीन महीने पूर्व वह घर आया था, इसके बाद वह कलकत्ता नहीं गया।
शुक्रवार को टीनशेड के कमरे के एंगल में रस्सी के फंदे से लटककर उसने जान दे दी। कमरे का दरवाजा काफी देर तक न खुलने पर घरवाले परेशान हो गए। दरवाजे के छेद से देखा तो वह फंदे से लटक रहा था।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: कार से टकराई छड़ी तो दबंगों ने की दृष्टिबाधित छात्रों की पिटाई, तीन को पुलिस ने पकड़ा; कार सीज
परिवार वालों ने पीआरवी को जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एंगल से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया कि पिछले एक सप्ताह से वह मानसिक रूप से परेशान था।
बृहस्पतिवार की रात में घर में किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। महेंद्र की तीन बेटियों में दो की शादी हो चुकी है। उसकी पत्नी प्राथमिक विद्यालय कस्तूरीपुर में रसोइयां का काम करती है। बताया जाता है कि वह किसी बात को लेकर काफी उलझन में था। प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।