मोढ़। विकास खंड सुरियावां के चौरापुर-बैदान गांव में भूमि विवाद को लेकर विवाद में फंसे आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को भवन निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करा दिया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। केंद्र बन जाने से धात्री महिलाओं और नौनिहालों को योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा।
अधिकारियों के साथ गांव में पहुंचे सीडीओ ने गांव में कराए गए विकास कार्यों में आवास, शौचालय, मनरेगा, खड़ंजा, वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन, सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान समेत अन्य कार्यों के बारे में जानकारी ली। ग्राम पंचायत अधिकारी के पास संबंधित गांव का अभिलेख न होने के कारण फटकार लगाई। संपूर्ण अभिलेख के साथ कार्यालय पर उपस्थित होने का निर्देश देते हुए कहा कि गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी है। गांव में 350 शौचालय, 165 हैंडपंप, पांच रिबोर सहित खड़ंजा आदि के कार्य कराए गए हैं। अब तक 14वें वित्त खाते में 365000 रुपये बैलेंस हैं। विधवा पेंशन के लिए क्या योग्यताएं होनी चाहिए, इसका सही उत्तर ग्राम पंचायत अधिकारी नहीं दे सके। सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचकर पोषाहार भी वितरित कराया। इस मौके पर डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह, सीडीपीओ सुरियावां अरविंद कुमार, एडीओ पंचायत नंद कुमार दुबे, ग्राम प्रधान सुशील कुमार मिश्र, ग्राम पंचायत अधिकारी राजनाथ आदि उपस्थित रहे।