जिले में मौसमी उठापटक जारी है। अब तक न तो बहुत बारिश हो सकी है और न ही धूप का असर दिख रहा है। मंगलवार को पूरे दिन धूप-छांव का असर बना रहा, लेकिन शाम सात बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई, लेकिन यह बारिश भी छिटपुट ही रही। करीब 15 मिनट की बारिश से उमस से लोगों को राहत मिली। मंगलवार को धूप-छांव के असर के कारण तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई।
जिले में जुलाई में बीते साल काफी अच्छी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते साल जुलाई की औसत बारिश 287 एमएम से एक एमएम अधिक 288 एमएम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन इस साल अब तक मौसम की बेरुखी बनी है। जुलाई अब अपने आखिरी दिनों में है, लेकिन अब तक अच्छी बारिश शुरुआती दिनों में ही हुई थी। मंगलवार को पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण सुबह से ही हवाओं में नमी देखी गई। इसके अलावा आसमान में अच्छे बादल भी दिखे। दिनभर आसमान में बादल मंडराते रहे, लेकिन इस बीच धूप-छांव का असर बना रहा। देखकर ऐसा लग रहा था कि थोड़ी ही देर में अच्छी बरसात होगी, लेकिन बादल लोगों को ललचा कर निकल गए। पूरे दिन मौसम सामान्य बना रहा और हवाओं में नमी के कारण ठंडक का एहसास हुआ, लेकिन शाम सात बजे के बाद मौसम अचानक से बदला और करीब 15 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। जिससे दिनभर चले धूप-छांव के असर के कारण उमस से लोगों को राहत मिली। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि पूर्वांचल में इस समय मानसून काफी अच्छे तरह से सक्रिय है, लेकिन जिले में अच्छी बारिश नहीं हो पा रही है। मंगलवार को तापमान दो डिग्री चढ़कर 31 डिग्री पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पर स्थिर रहा।