भानीपुर गांव में अग्निशमन केंद्र के लिए जमीन देखते एसडीएम अरूण गिरी। स्रोत: जागरूक पाठक
दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के भानीपुर गांव में जल्द ही अग्निशमन केंद्र बनेगा। एसडीएम भदोही अरुण गिरी ने प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजस्व विभाग की टीम से जमीन की स्थिति, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। बताया कि चयनित भूमि का विधिवत चिह्नांकन करके खतौनी में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही अग्निशमन केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इस केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। वर्तमान समय में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को ज्ञानपुर और भदोही से आना पड़ता है। इसमें काफी समय लग जाता है।
इस देरी के कारण कई बार आग विकराल रूप धारण कर लेती है और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने अग्निशमन केंद्र की स्थापना को आवश्यक बताते हुए प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। उनका मानना है कि केंद्र बनने से आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिलेगी।