ज्ञानपुर। मदरसा शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की जिले के दो केंद्रों पर चल रही पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षाएं मंगलवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गईं। अंतिम दिन सिर्फ सुबह की पाली में परीक्षा हुई। जिले के दोनों केंद्रों पर कुल 1113 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और 660 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें 495 मदरसा मदीनतुल इल्म भदोही और 165 मदरसा अरबिया रिजबिया खमरिया में अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान उड़ाका दल के नुरुल हसन खां, अकरम परवेज ने खमरिया और मौलाना अजीम, मुमताज खां ने भदोही केंद्र का निरीक्षण किया।
जून माह में संपन्न हुई मदरसा बोर्ड की परीक्षा में पुराने पाठ्यक्रम के छात्रों ने नए पाठ्यक्रम का प्रश्नपत्र मिलने पर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया था। छात्रों को परीक्षा कराने के लिए दिए गए आश्वासन के तहत मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल कोर्स की परीक्षा 17 नवंबर से शुरू हुई थी। परीक्षा के लिए भदोही स्थित मदरसा मदीनतुल इल्म और खमरिया स्थित अरबिया रिजविया को केंद्र बनाया गया था। दोनों परीक्षा केंद्रों पर जिले के अलावा मिर्जापुर के वंचित छात्रों ने परीक्षा दी। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षाओं के रिजल्ट भी शीघ्र घोषित कर दिए जाएंगे। ताकि उन्हें आगामी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने में परेशानी न उठानी पड़े।
मदरसा शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त
भदोही। भदोही नगर के पीरखांपुर स्थित मदरसा अरबिया मदीनतुल इल्म मे गत चार दिन से चल रही मदरसा शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं आज शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गईं। मिर्जापुर मंडल के समस्त मदरसों के लिए भदोही जनपद मे केवल दो सेंटर बनाए गए थे। परीक्षा के समापन के दिन मंगलवार को मदरसे से जारी एक विज्ञप्ति मे बताया गया कि कुल 981 छात्र-छात्राओं को यहां परीक्षा मे उपस्थित होना था लेकिन चारो दिन 499 परीक्षार्थि अनुपस्थित रहे। इस प्रकार केवल 482 छात्रों ने ही परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान शिक्षकों समेत प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का खासा सहयोग रहा और शांतिपूर्ण माहौल मे आज समापन हो गया।