भदोही। निकट भविष्य में नगर क्षेत्र मे लंबित पड़े विकास कार्यों को पूरा करने के लिए नगर पालिका बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। इनमे चार स्थानों पर हाईमास्ट लगाने, आधा दर्जन कब्रस्तानों मे प्रकाश व्यवस्था कराने के साथ साथ कुछ कब्रस्तानों मे बुझ चुके सोडियम लाइट को दुरुस्त कराया जाना शामिल है। उपरोक्त के अलावा सोमवार को हुई बैठक मे बोर्ड ने मोहर्रम पर कराई जाने वाली व्यवस्था पर अपनी सहमति प्रदान कर दी।इस दौरान सफाई व्यवस्था से नाराज सभासदों ने ईओ का घेराव भी किया।
पूर्व मे मोहर्रम पर नगर पालिका द्वारा गजिया से कर्बला तक प्रकाश व्यवस्था कराई जाती थी लेकिन इस वर्ष यह व्यवस्था तकिया कल्लन शाह से होगी। बैठक मे अध्यक्ष द्वारा प्रस्ताव किया गया कि तकिया कल्लन शाह, ज्ञानदेवी स्कूल के पास, पचभैय्या मोहल्ले मे तथा आलमपुर नईबस्ती मे प्रकाश व्यवस्था के लिए एक एक हाईमास्ट लगाया जाना चाहिए इस पर ध्वनिमत से प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। अध्यक्ष का ही प्रस्ताव था कि गत कार्यकाल मे नगर पालिका द्वारा कई कब्रस्तानों मे विद्युत व्यवस्था कराई थी लेकिन गुलाम ईसापुर, औराई रोड राईन कब्रस्तान, इलाहाबाद बैंक के पास वाले कब्रस्तान नाबीना शाह और बाजार सलाबत खां के कब्रस्तान मे यह व्यवस्था लंबित चली आ रही है। इस पर भी बोर्ड ने हामी भर दी।
निर्माण कार्यों के बावत बोर्ड ने एकमा तिराहे से गाजी मियां मजार रोड पर अंडर ग्राउंड नाली निर्माण को भी आज की बैठक मे स्वीकृति मिल गई। इस पर कुल पांच लाख खर्च आएगा। इसके बाद पचभैय्या मे निजाम खां के मकान से स्व.मुजीब खां के मकान की ओर सीसी इंटरलाकिंग निर्माण को मंजूरी दे दी गई। आज की बैठक की खास बात यह रही कि सभी सभासद नगर मे सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट दिखे सभी ने इस पर ईओ को घेर कर जवाब मांगा। अध्यक्ष द्वारा मोहर्रम बाद इस पर सभासदों संग अलग से बैठक कर प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया।