ज्ञानपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें 657 मामलों का निस्तारण करते हुए आपराधिक मामलों में 39 हजार रुपये अर्थदंड वसूला गया।
लोक अदालत का शुभारंभ प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज भानुनंदन मिश्र ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। निस्तारित मामलों में अपर जिला जज द्वितीय गंगाराम ने मोटर प्रतिकर का एक, सिविल अपील एक, सीजेएम राम स्वरूप सरोज ने अपराध के 97 मामले निस्तारित करते हुए 13 हजार 840 अर्थदंड वसूले। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने आपराधिक 30 मामले निस्तारित करते हुए 11 हजार 500 अर्थदंड वसूले। जेएम प्रथम फरीदा बेगम ने 67 मामले निस्तारित किए और 10 हजार 740 अर्थदंड वसूला। जेएम द्वितीय गुणेंद्र प्रकाश ने आपराधिक के 12 मामले निस्तारित करते हुए 3200 रुपये अर्थदंड वसूले। अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन कुलदीप कुमार ने सिविल का एक मामला निस्तारित किया। इसी तरह एसडीएम ज्ञानपुर ने अपराध के 85, एसडीएम भदोही ने अपराध के 99, एसडीएम औराई ने आपराधिक 51 मामले निस्तारित किए। काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के लोन रिकवरी के मामले प्री-लिटिगेशन स्तर पर निस्तारित हुए। प्री लिटिगेशन लोक अदालत में ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मिथिलेश कुमार राय, वीके पांडेय, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। आगामी लोक अदालत 16 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।