गोपीगंज। थानाक्षेत्र के सरई पठखानी गांव में गुरुवार को रसोई घर में भोजन बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से हजारों के सामान जलकर नष्ट हो गए। सूचना पाकर दमकल भी गांव में पहुंच गया था, लेकिन वाहन न पहुंच पाने से दमकल कामयाब नहीं हो सका। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। तब तक अनाज, कपड़े सहित अन्य गृहस्थी के काफी सामान जलकर नष्ट हो गए।
सरईपठखानी निवासी शिवसागर पाठक के घर की महिलाएं रसोई घर में शनिवार को भोजन बना रही थी। इस दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से रखे किसी सामान में आग पकड़ लिया। जब तक लोग समझ पाते तब तक आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। परिजन सहित गांव के लोग भी उस पर काबू करने का प्रयास करने लगे। सूचना पाकर दमकल कर्मी भी पहुंच गए, लेकिन रास्ता न मिलने की वजह से दमकल वापस लौट आया। इस दौरान ग्रामीणों ने वाटर पंप की मदद से घंटों बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान रसोई घर में रखा पांच कुंतल चावल, 25 कुंतल गेहूं, बिस्तर, कपड़े सहित अन्य गृहस्थी के हजारों रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गए।
दिवाली के दीये से गृहस्थी खाक
संवाददाता
दुर्गागंज। क्षेत्र के गौरा गांव में दिवाली के दीये से 50 हजार की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। शोरगुल सुनने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मशक्कत कर आग को बुझाए।
गौरा गांव निवासी भूलटेन बिंद के परिवार की महिलाओं ने दीपावली की रात पूजन-अर्चन के बाद सभी कमरों में दीये जलाकर रख दिये। बच्चे जहां पटाखा फोड़ने में व्यस्त रहे, वहीं कुछ लोग सोने चले गए। उसी दौरान एकाएक एक कमरे से धुंआ और आग की लपटें दिखीं तो सभी शोरगुल मचाने लगे। आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने बाल्टी से आग को बुझाई, लेकिन तब तक एक सीडी, टीवी, बेड, कपड़े, खाद्यान्न जलकर नष्ट हो गया। पीडि़त के मुताबिक करीब 50 हजार का सामान जला।
दीये की लौ से खाक हुआ आशियाना
संवाददाता
मोढ़। थानाक्षेत्र के जगदीशपुर गांव में दिवाली के दिन रात को घर में रखे गए दीये की लौ से एक रिहायशी मड़हे में आग लग गई। इसके बाद आग ने दूसरे मड़हे को भी अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीणों ने आग बुझाया तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।
जगदीशपुर गांव में लालमनी और श्रीनाथ गौतम का रिहायशी मड़हा है। परिवार की एक महिला ने दिवाली पर दिया जलाकर मड़हे में रख दिया इसके बाद वह पूजा करने के लिए चली गई। इसी बीच मड़हे में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर दूसरे मड़हे को भी अपनी चपेट में ले लिया। हैंडपंप चलाकर ग्रामीणों ने जब तक आग बुझाया तब तक उसमें रखा सारा सामान जल गया।
पटाखे से नाश्ते की दुकान में लगी आग
जंगीगंज। नगर के धनतुलसी मार्ग पर स्थित नाश्ते की दुकान मंगलवार की रात आग से धू-धंकर जल गई। जोगापुर गांव निवासी भग्गू बिंद उर्फ लिल्ली धनतुलसी मार्ग पर चाय पान और नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का जीवकोपार्जन करते थे। मंगलवार को पूजन अर्चन के बाद वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में पटाखे की चिंगारी से उसमें आग लग गई और वह धू-धूकर जल गया। पीडि़त के मुताबिक करीब बीस हजार रुपये का नुकसान हुआ।