खमरिया/घोसिया। खमरिया नगर के वार्ड नंबर दो प्राथमिक विद्यालय दशमी की बारी में सभासद और प्रधानाध्यापक के बीच खाता खोलने को लेकर उठा विवाद अब तूल पकड़ने लगा है। सभासद के समर्थन में 50 के करीब लोगों ने शनिवार को खमरिया चौकी और औराई थाने का घेराव किया। अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ।
प्राथमिक विद्यालय दशमी की बारी में मध्याह्न भोजन योजना का संयुक्त खाता खोलने का आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सितंबर माह में दिया था। उसी को लेकर सभासद और प्रधानाध्यापिका के मध्य विवाद चला आ रहा था। हेडमास्टर उषा रानी मौर्य ने बीएसए को पिछले दिनों पत्रक देकर आरोप लगाया था कि उक्त सभासद ने उनके साथ अभद्रता की और कई कागजात उठा लिया। इस प्रकरण को बीएसए ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस शनिवार को सभासद के पास गई तो लोग आक्रोशित हो गए। सभासद के समर्थन में 50 की संख्या में महिला और पुरुषों ने पुलिस चौकी खमरिया का घेराव किया। यहां से कुछ न हासिल होने के बाद सभी औराई थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ। घेराव करने वालों में सभासद राकेश कुमार गौतम, जय बाबू, राकेश कुमार, जलेबी देवी, सीता देवी, प्रभा देवी, पार्वती देवी, उमा देवी, गेना देवी, सुखदेवी आदि रहे।