भदोही। पकरी रेलवे क्रॉसिंग के बीचोबीच मंगलवार की सुबह ट्रक का एक्सेल टूट जाने से नगर का यातायात जाम हो गया। क्रासिंग पर लगभग छह घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। एक ओर जहां ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से चलाया गया तो दूसरी ओर क्रॉसिंग पर वाहन पूरे दिन रेंगते रहे। हल्के वाहन तो किसी तरह निकल जा रहे थे, लेकिन भारी वाहनों के आ जाने से स्थिति और जटिल हो जा रही थी। रेलवे अधिकारियों की मानें तो ट्रेनों को संचालन में असर नहीं पड़ने दिया गया।
अहमदगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ब्रिज निर्माण के लिए सड़क बंद होने के बाद सारा दबाव पकरी रेलवे क्रासिंग पर आ गया है। वहां हर समय वाहनों का आना जाना लगा है। इसी बीच मंगलवार को सुबह एक ट्रक सिविल लाइन से शहर की ओर आ रहा था कि रेलवे ट्रैक के मध्य उसका एक्सेल टूट जाने से वहीं खड़ा हो गया। इससे भारी वाहनों का पास होना मुश्किल हो गया। जबकि हल्के वाहन और बाइक आदि किसी तरह आते जाते रहे। हाल यह हो गया कि सुबह से लेकर शाम तीन बजे तक वाहन रेंगते रहे। फाटक पर हर समय वाहनों की कतार लगी रही। ज्ञानपुर रोड से विशाल को पंजाब नेशनल बैंक आना था, उन्हें अपनी गाड़ी सिविल लाइंस में ही खड़ी कर पैदल बैंक आना पड़ा। ऐसे ही अधिसंख्य लोग घंटों जाम में परेशान होते रहे। इतना ही नहीं सुबह के समय स्कूल आने जाने वालें वाहनों को भी दुश्वारी हुई। उधर ट्रैक पर ट्रक फंसने से ट्रेनों के आवागमन में स्टेशन अधिकारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन मास्टर आलोक कुमार ने बताया कि छह घंटे तक ट्रेनों को दूसरी लेन से चलाकर किसी तरह रेल यातायात प्रभावित नहीं होने दिया गया। हालांकि ट्रक को तीन बजे ट्रैक से हटाकर किसी तरह यातायात सुचारु कराया गया।
भदोही। कपसेठी में पुलिया ध्वस्त होने के कारण भदोही-जौनपुर और भदोही-कपसेठी मार्ग पर जाम की समस्या मंगलवार को भी बनी रही। बताया जा रहा है जब तक पुलिया का निर्माण नहीं होगा तब तक यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं होगी। मंगलवार सुबह का हाल यह रहा कि चौरी-भदोही मार्ग पर भी वाहनों का रेला लगा रहा। तथा भदोही से वाराणसी जाने वालों को भी दुश्वारी हुई। सुबह 10 बजे चौरी रोड जाम से मुक्त हुआ, लेकिन बाइपास मार्ग से धौरहरा पुलिस चौकी तक वाहन शाम तक रेंगते रहे।
चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे वाहन और उनमे सवार लोग उमस और गर्मी से बेेहाल हो गए। धौरहरा पुलिस भी इसमे परेशान रही और वाहनों को धीरे धीरे निकालने को प्रयत्नशील रही। धौरहरा पुलिस चौकी प्रभारी मक्खन लाल ने बताया कि पुलिया जब तक पुलिया का निर्माण नहीं हो जाता परेशानी बनी रहेगी। जाम में फंसे क्षेत्रीय वाहन स्वामियों का कहना था कि पुलिया के बन जाने तक ट्रकों को कछवां या कपसेठी में रोका जाए। ऐसी स्थिति में कहा जा रहा है कि जाम अभी कुछ और दिन रह सकता है।