औराई। प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री थम नहीं रही है। सोमवार को औराई चौराहे पर जांच करने पहुंचे खाद्य विभाग के निरीक्षक से दुकानदार उलझ गया। निरीक्षक ने कई दुकानों पर खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थ को डस्टबीन में डलवाया और सैंपल जांच के लिए लिया।
खुले में खाद्य पदार्थों के बेचने से उस पर तमाम प्रकार की मक्खी, धूल संग अन्य कीटाणु आ जाते हैं। उसके सेवन से तमाम प्रकार की बीमारियां हो जाती हैं। इसके खिलाफ खाद्य विभाग की ओर से समय-समय पर छापेमारी की जाती है लेकिन दुकानदार खुले में बेचने से बाज नहीं आते। सोमवार को औराई चौराहे पर उस समय माहौल गर्म हो गया। जब नागरिकों की शिकायत पर जांच को पहुंचे खाद्य निरीक्षक औराई विनोद कुमार वर्मा से दुकानदार संतोषी उलझ गया। निरीक्षक ने पूछा कि खुले में सामान क्यों बेच रहे तो दुकानदार ने कहा कि रोज ढंकते थे, आज भूल गए। निरीक्षक ने छोटे हलवाई, सदन हलवाई, सुशील हलवाई, संतोषी हलवाई, लक्ष्मण हलवाई के अलावा आसपास खुले में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थ को डस्टबीन में डलवाया। इस दौरान संतोषी हलवाई निरीक्षक से उलझ गया। हालांकि अन्य दुकानदारों के समझाने पर वह शांत हुआ। जिला अभिहित अधिकारी मंजुला सिंह ने कहा कि मिलावटी और खुले में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थ के खिलाफ समय-समय पर जांच की जाती है। दुकानदारों को चेतावनी देने के साथ ही नोटिस दिया जाता है।