ज्ञानपुर। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी पर बृहस्पतिवार को जिले में एक ओर शौर्य दिवस मनाया गया तो दूसरी ओर काला दिवस का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद ने कलेक्ट्रेट पर भगवान राम की आरती कर राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया तो प्रसपा ने काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की ओर से दुर्गागंज रोड स्थित जिला कार्यालय पर सभा की गई। इसमें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विध्वंस की बरसी पर विरोध जताया। जिला महासचिव रामलाल यादव ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर भाजपा राजनीति करती है। देश में माहौल खराब कर वह चुनाव जीतने का कुचक्र रच रही है। युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दशरथ यादव ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से आम जनता त्रस्त है, लेकिन भाजपा सिर्फ धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों का ध्यान प्रमुख मुद्दों से भटकाना चाहती है। भाजपा राम के सहारे अपनी राजनीति को जिंदा रखना चाह रही है। इस मौके पर नूरुल इस्लाम, रामजियावन, कल्लूराम यादव, राकेश कुमार, सुनील कुमार, तीर्थराज, शिवशंकर, तेजपति, अजय पाल, रवि बिंद, राकेश आदि मौजूद रहे।
वहीं विश्व हिंदू परिषद की ओर से जिला मुख्यालय पर भगवान राम की प्रतिमा के साथ जुलूस निकाला गया। उसके बाद प्रभु राम की आरती कर अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि अयोध्या में ढांचा एक कलंक था, जिसे 1992 में कार सेवकों ने ढहाकर शौर्य का कार्य किया। इस मौके पर रामचंद्र पांडेय मुन्ना आदि मौजूद रहे।
लालानगर: ढांचा विध्वंस को लेकर बृहस्पतिवार को गोपीगंज नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक की। पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष ने कहा कि विध्वंस के दिन को शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाना दुखद है। इस मौके पर अशोक मिश्रा, अनुपम अग्रवाल, मुमताज अली, फिरोज, दरवेश, नसरीन आदि मौजूद रहे।