लालानगर। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को आत्महत्या करने पहुंची विवाहिता को रेलवे पुलिस ने बचा लिया। सूचना मिलने पर पहुंची विवाहिता की मां उसे मायके लिवाकर गई।
इलाहाबाद के कटहरा बाजार निवासी संजू देवी की शादी कोइरौना थानाक्षेत्र के मैलोना गांव निवासी राजकुमार बिंद के साथ हुई है। ससुराल में आए दिन हो रहे विवाद से परेशान होकर बृहस्पतिवार को सुबह वह ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर पहुंची। इलाहाबाद से वाराणसी की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने आत्महत्या की नीयत से रेलवे ट्रैक के बीच खड़ी थी। उसी दौरान जीआरपी के शंभूनाथ गुप्ता की नजर विवाहिता पर पड़ गई। रेलवे पुलिस ने दौड़ कर विवाहिता को ट्रेन की पटरी से हटा दिया। उस दौरान इलाहाबाद से वाराणसी की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ रही थी। घटना से ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। पूछताछ के दौरान विवाहिता ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए मायके जाने की इच्छा जाहिर की तो रेलवे पुलिस ने उसकी मां को बुलाकर सुपुर्द कर दिया।