ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को मुख्य परीक्षाओं का आगाज हो गया। पहली पाली में हाईस्कूल तो दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों में 5617 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने से केंद्रो पर गहमागहमी का माहौल रहा। सचल दस्तों के हाथ दोनों पालियों में खाली रह गए।
मंगलवार को सुबह पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा रही। जिसको लेकर विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंच गए। बारी-बारी से जांच कर छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया। दूसरी पाली में भी केंद्रों पर भीड़ दिखी। पहली पाली में हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत 33 हजार 907 परीक्षार्थियों में तीन हजार 617 अनुपस्थित और 30 हजार 290 ने परीक्षा दिया। प्रारंभिक हिंदी में पंजीकृत दो परीक्षार्थियों में दोनों उपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा में पंजीकृत करीब 28 हजार परीक्षार्थियों में दो हजार अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में चार सचल दस्ते केंद्रों पर भ्रमण किया लेकिन सभी के हाथ खाली रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से चल रही है। हिंदी की परीक्षा होने से सभी केंद्रो पर भीड़ रही। सुरक्षा की समुचित व्यवस्था होने से केंद्राध्यक्षों को कोई असुविधा नहीं हुई।