ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें धूम्रपान के चलते तेजी से बढ़ते रोगों पर चिंता जताई गई।
डीएम ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वह न तो तंबाकू का सेवन करेंगे और न किसी को करने देंगे। सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने वाले व्यक्तियों को दंडित कर जुर्माना लिया जाए। बताया कि विश्व में करीब 60 लाख लोग हर साल तंबाकू के सेवन से अपनी जान गंवाते हैं। इसमें नौ लाख भारतीय शामिल हैं। भारत में कैंसर से मरने वाले 100 रोगियों में 40 तंबाकू के रहते हैं। कैंसर के एक मरीज पर लगभग 10 से 15 लाख का खर्च आता है। धूम्रपान करने वाला व्यक्ति न केवल अपने जीवन के लिए बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी कैंसर बन जाता है।