गोपीगंज। नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 थाना वार्ड में अवस्थापना विकास निधि राज्य वित्त मद से जीटी रोड से कपिल गिरी के मकान तक एवं गोपाल से गायत्री विश्वकर्मा के मकान तक नाली, इंटरलॉकिंग सड़क एवं पाइपलाइन विस्तार कार्य का बृहस्पतिवार को नपा अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता ने उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य 12 लाख की लागत से पूर्व सभासद स्व. सावित्री देवी की स्मृति में कराया गया था। फीता काटकर मार्ग का उद्घाटन करने के बाद पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर में किसी भी गली में विकास कार्य अछूते नहीं रहेंगे। हर मोहल्ले का बिना भेदभाव विकास कराया जाएगा। सभी गलियों में पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, सहित सभी बुनियादी सुविधाओं से नागरिकों को लाभान्वित कराया जाएगा। इस अवसर पर वार्ड सभासद अनूप जायसवाल ने साफ सफाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सभासद आनंद मोदनवाल, जितेंद्र गुप्ता, मजहरउला गुड्डू, शंकर मोदनवाल, संतोष मोदनवाल, सुशील शुक्ला, सुरेश यादव, सुभाष श्रीवास्तव, भगवान दास, कृष्ण प्रसाद यादव, अब्दुल खालिद, मोहम्मद शरीफ, आशीष यादव, विवेक मोदनवाल, अचल श्रीवास्तव, मंगला पांडेय, विष्णु प्रसाद आदि मौजूद रहे।