सीतामढ़ी। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा ने रविवार को कोनिया क्षेत्र के शेरपुर बहपुरा गांव में 25 लाख की लागत से बनने वाले भगवान परशुराम बारात भवन, सोलर वाटर पंप और इंटरलॉकिंग सड़क की सौगात दी। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम बारात भवन का शिलान्यास किया साथ ही सोलर वाटर पंप के साथ बर्तन देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राजनीति में मूल पूंजी भरोसा और विश्वास होता है। चुनाव में हार-जीत प्रकृति का नियम है। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि मॉडल स्कूलों में अप्रशिक्षित टीचर हमारे बच्चों को पढ़ाते हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में योग्य शिक्षक हैं। कहा कि कोनिया में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल आदि विकास कार्यों को गांव- गांव तक पहुंचाया है। वे कोनिया के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध हैं। धार्मिक स्थल सीतामढ़ी में श्रद्धालुओं और सैलानियों की समस्याओं को देखते हुए सुलभ कांप्लेक्स बनवाने की बात कही। किसानों को भरोसा दिया कि डीघ रजवाहा में टेल तक पानी पहुंचेगा। कहा कि उनका प्रयास है कि धनतुलसी-डेंगुरपुर घाट पर पक्का पुल बने, इसके लिए मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कई बार मुलाकात कर पक्के पुल की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
विधायक ने बूथ एजेंट रहे कलिक मवैया निवासी प्रेमप्रकाश तिवारी की पत्नी को 50 हजार और उनकी बिटिया को शादी होने तक 1500 प्रति माह देने की घोषणा की। कार्यक्रम आयोजक बहपुरा के प्रधान शिवचंद्र शुक्ला ने विधायक को भगवान परशुराम का फरसा और प्रतीक चिह्न भेंट किया। बिहार से आईं भोजपुरी गायक श्रेया श्रीवास्तव और राजेश परदेशी ने गीतंों से समां बांध दिया। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य रामलली मिश्रा, काजल यादव, नीता स्वर्णकार, राजित राम यादव, कमलाशंकर मिश्रा, राहुल दूबे, रविशंकर पांडेय, अमलदार सिंह, विष्णु प्रकाश सेठ, ओम प्रकाश दूबे, श्रवण दूबे, अजय चौहान, हिमांशु तिवारी, कल्लू नेता आदि मौजूद रहे। संचालन कृष्णावतार त्रिपाठी ‘राही’ ने किया।