ज्ञानपुर। जिले की 546 ग्रामसभाओं में पंचायत सहायक की नियुक्ति की कवायद शुरू हो गई है। मंगलवार को प्रमुख सचिव पंचायत राज के साथ हुई वीडियो कांफ्रेसिंग में चयन की रूपरेखा तय की गई। इसके लिए 30 जुलाई से एक अगस्त तक ग्राम पंचायतों में मुनादी और सूचना पट्ट के माध्यम से आवेदन लिया जाएगा। डीपीआरओ, ब्लॉक और ग्राम पंचायत कार्यालय में अभ्यर्थियों को पावती दी जाएगी।
गावों से विकास का रास्ता तय होता है। अस्सी के दशक से ही ग्राम पंचायतों को हाईटेक करने की मुहिम शुरू है, लेकिन भ्रष्टाचार संग अफसरों की उदासीनता के कारण गावों में आज भी पुराने ढर्रे पर ही काम हो रहा है। सचिव से लेकर ग्राम प्रधान तक काम पूरा कराने के लिए ब्लॉक पर जाते हैं। शासन ने अब ग्राम पंचायत भवन को ही आनलाइन व्यवस्था से लैस किया जा रहा है। जिसमें ग्राम सचिवालय में जन सेवा केंद्र की स्थापना, बीसी सखी संग अन्य सुविधाएं मिलेगी। अब पंचायत सहायक, एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री आपरेटर की नियुक्ति से जरूरी कार्य सचिवालय में ही होंगे। पंचायती राज्य मंत्री की घोषणा के बाद ही सोमवार की रात शासनादेश भी जारी हो गया। आदेश आते ही विभागीय अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई।
मंगलवार को वीडियो कांफ्रेसिंग में डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी संग अन्य अधिकारियों से उच्चाधिकारियों ने नियुक्ति को लेकर वार्ता की। डीपीआरओ ने बताया कि नियुक्ति का आदेश आ चुका है। सभी एडीओ के माध्यम से ग्राम पंचायतों में नियुक्ति से जुड़ी नोटिस भेजा जा रहा है। 30 जुलाई से एक अगस्त तक आवेदन लिया जाएगा। उसके बाद शासन से तय तिथियों पर नियुक्ति की अन्य प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने बताया कि आरक्षण के हिसाब से 271 सामान्य, 150 ओबीसी और 125 एससी पंचायत सहायक नियुक्त होंगे।
225 गावों में अब तक नहीं बने पंचायत भवन
ज्ञानपुर। जिले की 546 ग्राम पंचायतों में अब तक 325 पंचायत भवन ही पूर्व के बने हैं या नए निर्मित हुए। अब भी सवा दो सौ से अधिक गावों में पंचायत भवन नहीं है। जिससे विभागीय अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं है वहां कार्य प्रगति पर है। कुछ महीने में सभी पंचायत भवन पूर्ण हो जाएंगे।