ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक में सीएचसी डीघ, अभोली और सुरियावां की प्रगति रिपोर्ट अत्यंत खराब मिलने पर तीनों ब्लॉकों के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने पर डीघ में तैनात महिला चिकित्सक डॉ.अल्का जायसवाल के खिलाफ नोटिस जारी किया।
डीएम राजेंद्र प्रसाद ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, जेएसएसके योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान योजना, पीसीपीएनडीटी एक्ट योजना, परिवार नियोजन गतिविधियों की उपलब्धि, नियमित टीकारण आदि के कार्यो की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सीएचसी सुरियावां, अभोली और डीघ की प्रगति काफी खराब मिली। इसको लेकर डीएम ने नाराजगी जताई और तीनों ब्लॉक के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोका। कुष्ठ रोगी खोजी अभियान 15 से 28 फरवरी तक चलाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। सभी एमओआईसी अपने-अपने क्षेत्रो की मानीटरिंग सही ढ़ग से करेंगे, शिथिलता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। आकस्मिक और आपातकालीन सेवा में रणनीति बनाकर समुचित व्यवस्था कराए। गर्भवती माताओं का पंजीकरण बढ़ाने, स्वास्थ्य एवं पोषण की जांच कराने और उन्हें सुवि धाओं का लाभ मुहैया कराने, खाता खोलवाने का निर्देश दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह, सीएमओ डा.जीएसबी लक्ष्मी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, रोहितास दूबे आदि मौजूद रहे।