जंगीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के मुगलसराय-प्रयागराज रेल रूट पर सोमवार को छह जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें फर्राटा भरती नजर आईं। इससे प्रयागराज में चल रहे कुंभ के दूसरे स्नान पर्व पर स्नानार्थियों संग यात्रियों को काफी राहत मिली। सुबह से लेकर देर रात तक ट्रेनें फेरा लगाती रहीं।
कुंभ को देखते पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन पूरी तैयारी कर जनवरी, फरवरी और मार्च महीने तक लगभग 22 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की सौगात स्नानार्थी यात्रियों के लिए दी है। 14 जनवरी से शुरू हुुए कुंभ के आगाज के दौरान 13 जनवरी को बिना प्रचार-प्रसार के ही भारी अव्यवस्था के बीच स्पेशल ट्रेनें दौड़ी जरूर लेकिन यात्रियों को उनका लाभ नहीं मिला था। दूसरे सोमवार को यात्री स्वयं सक्रियता दिखाते हुए स्टेशनों पर पहुंच स्पेशल ट्रेनों से यात्रा करते नजर आए। जबकि स्टेशनों पर तैनात कर्मचारी भी यात्रियों की सुविधा के लिए पल-पल कंट्रोल से जानकारियां हासिल कर ट्रेनों की स्थिति बताने में कसर नहीं छोड़ी। माधोसिंह-इलाहाबाद सिटी सेक्शन के माधोसिंह, अहिमनपुर, ज्ञानपुर रोड, जंगीगंज, भीटी, हंडिया, सैदाबाद, रामनाथपुर, झूंसी तथा हाल्ट अलमऊ, सरायजगदीश, अतरौरा पर यात्री भोर से ही पहुंचकर प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए ट्रेनों से यात्रा करते रहे।
कहां तक चलीं स्पेशल ट्रेनें
वहिदानगर। स्टेशन अधीक्षक जंगीगंज पीसीराम के मुताबिक ट्रेन संख्या 08005-08009 मंडुआडीह से झूंसी, 08004-08010 झूंसी से मंडुआडीह तथा 08003 मंडुआडीह से इलाहाबाद सिटी तक फेरा लगाती रहीं। वहीं यात्रियों की संख्या को देखते हुए कुछेक प्रमुख मेल और एक्सप्रेस का भी ठहराव स्टेशनों पर होता रहा। जबकि यात्री संख्या नगण्य रहने पर एक-दो स्पेशल ट्रेने थ्रू भी निकलती रहीं।