भदोही/मोढ़। कोतवाली अंतर्गत मोढ़ बाईपास चौराहे पर रविवार की शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आ जाने से सड़क किनारे सब्जी की दूकान लगाए अधेड़ केदार मौर्या (45) की मौत हो गई। घटना के बाद चौराहे पर अफरा तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने बताया कि जान बाकी समझ कर लोगों ने केदार को भदोही के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। घटना के बारे में जानकारी मिली है कि ग्राम सियरहां निवासी केदार रोज करियांव चौराहे पर सब्जी की दूकान लगाता है। यह स्थल मोढ़ पुलिस चौकी से दस कदम की दूरी पर है। लोगों ने बताया कि भदोही की ओर से तेज रफ्तार में बोलेरो आ रही थी। चौराहे पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने देखा कि बोलेरो पर चालक नियंत्रण खो चुका है। और कार ने सड़क के किनारे आकर सब्जी विक्रेता को रौंद दिया। इस पर मौके पर अफरा तफरी मच गई। भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस चौकी इंचार्ज सुशील मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। लोगों के कहने पर उन्होंने तुरंत घायल प्रतीत हो रहे केदार को राजकीय अस्पताल भेजवाया। राजकीय अस्पताल में चिकित्सकों ने केदार को मृत बताया।
इस बावत कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि शव को परिजन घर लेकर चले गए। शव को सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना करने वाले बोलेरो पुलिस के कब्जे में हैं लेकिन उसका चालक फरार होने में कामयाब हो गया। उधर घटना से क्षुब्ध लोगों ने चौराहे पर जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन चौकी पुलिस ने उन्हें समझा बुझा कर किसी तरह तितर बितर किया। लोगों की मांग थी कि गरीब केदार किसी तरह कमाकर परिवार का पेट पालता था। उसकी मौत ने परिवार वालों को दोराहे पर ला खड़ा किया है। लोगों ने जिला प्रशासन से उसके परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग की।