ज्ञानपुर। बालू-गिट्टी की किल्लत से जूझ रहे नागरिकों ने रविवार को महेंद्र कटरा में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बालू-गिट्टी न मिलने से निर्माण कार्य बाधित हैं। खनन शुरू न होने से इनके दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे लोग खरीद नहीं पा रहे हैं।
अशोक उर्फ कोको दूबे ने कहा कि कई महीने से बालू-गिट्टी के दाम आसमान छू रहे है। पहले 500 रुपया ट्राली बालू मिलती थी, जो अब 6 हजार रुपए ट्राली मिल रही है। कई महीने से नागरिक ईंट रखकर बालू के सस्ता होने का इंतजार कर रहे हैं। मगर बालू सस्ता नहीं हो रहा है। जो भी थोड़ा बहुत बालू महंगे दामों में मिल कही बिक भी रहा है, उस दुकान को प्रशासन सीज कर दे रहा है। नागरिकों ने कहा कि बालू की किल्लत से शौचालयों का निर्माण रुक गया है। नलकूपों के नाली की मरम्मत नहीं हो पा रही है। नए मकान नहीं बन पा रहे हैं। नागरिकों ने कहा कि सरकार सबकुछ तो ठीक कर रही है, लेकिन बालू-गिट्टी के मामलें में अनजान बनी हुई है। इस समस्या से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जा चुका है, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लोगों ने कहा कि बालू-गिट्टी की किल्लत शीघ्र खत्म नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन होगा। प्रदर्शन करने वालों में शंभू गिरि, फूलचंद वर्मा, ताहिर खां, अशोक सेठ, झुरू दुबे, महेश, अजय, अवनीश आदि रहे।