ज्ञानपुर। किसानों की आय दोगुनी करने और समृद्घ बनाने के लिए अन्नदाताओं को द मिलियन फॉर्मर्स स्कूल में खेती के गुर सिखाए जाएंगे। जिले के छह ब्लॉकों के 80 न्याय पंचायतों में द मिलियन फार्मर्स स्कूल का आयोजन किया जाएगा। इसमें इन गांवों के सभी किसानों को अच्छी खेती करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से तैयारी भी पूरी कर ली गई है। 10 जून से लेकर 18 जून तक दो चरणों में 32 हजार किसानों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और अच्छी पैदावार करने के मद्देनजर सरकार द वारा द मिलियन फॉर्मर्स स्कूल का संचालन करा रही है, जिसमें किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक ढंग से खेती करने का तरीका बताया जाएगा, जिसे सीख कर किसान अपना विकास कर सकेंगे। इसके तहत जिले में भी द मिलियन फॉर्मर्स स्कूल के आयोजन की तैयारी कृषि विभाग की ओर से शुरू कर दी गई है। जिले में इस स्कूल का आयोजन दो चरणों में होगा। पहले चरण में 10 जून से लेकर 13 जून और दूसरा चरण 14 जून से लेकर 18 जून तक चलेगा। इन तिथियों पर न्याय पंचायत स्तर पर आयोजन कर आसपास के गांव के किसानों को शामिल किया जाएगा। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने कहा कि हर स्कूल पर दो सौ किसानों को जागरूक करने का लक्ष्य है। जिससे पहले चरण में करीब 16 हजार जबकि दूसरे चरण में 16 हजार किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए करीब 100 प्रशिक्षक लगाए जाएंगे।