जिले में कोरोना संक्रमित मरीज लगातार मिल रहे हैं। शनिवार को कोरोना के 48 मरीज स्वस्थ हुए, जबकि 39 नए संक्रमित मिले। अब एक्टिव केस की संख्या 255 हो गई है। संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
कालीन नगरी में कोरोना की रफ्तार धीमी जरूरी हो रही है, लेकिन थम नहीं रही है। साल के शुरूआत से संक्रमितों के मिलने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह बढ़ता ही जा रहा है। पहली और दूसरी लहर की अपेक्षा अबकी बार संक्रमित तेजी से स्वस्थ भी हो रहे हैं। इससे 500 से अधिक संक्रमितों के मिलने के बाद भी एक्टिव केस की संख्या 250 के आसपास ही बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी रिपोर्ट में 39 नए मरीज मिले। इसमें सुरियावां ब्लॉक से 14, डीघ से छह, औराई से छह, भदोही से 10 संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने कहा कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना से बचाव के लिए नियमित मॉस्क का प्रयोग करें। कोविड प्रोटोकाल का पालन करें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। कोई संदिग्ध दिखे तो इसकी सूचना विभाग को दें और जांच में सहयोग करें। ताकि संक्रमण का दर कम किया जा सके। वैक्सीनेशन शत प्रतिशत कराकर ही महामारी को हराया जा सकता है।