ज्ञानपुर। भदोही जिले में छठे चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनें दूसरे जिलों में भेजी जाने लगीं हैं। बुधवार को 100 वीवीपैट मशीनों को सोनभद्र भेजा गया। इसके साथ ही चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया गया है।
भदोही लोकसभा सीट पर गत 12 मई को मतदान कराया गया था। इसके लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में बने 2151 बूथों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनें लगाईं गईं थीं। हालांकि जिले की सीमा में आने वाली तीन विधानसभाओं में बूथों की संख्या कम थी। छिटपुट झड़पों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न होने के बाद अब फोर्स के साथ-साथ ईवीएम और वीपीपैट को भी सातवें चरण का मतदान कराने के लिए बाहर भेजा जा रहा है। इस क्रम में बुधवार को जिले से 100 वीवीपैट मशीनों को सोनभद्र भेजा गया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि मशीनें सातवें चरण के मतदान के लिए बाहर भेजी गईं। इससे पूर्व मंगलवार को पुलिस के जवानों को सातवें चरण के मतदान और प्रधानमंत्री की वीआईपी ड्यूटी के लिए मिर्जापुर, मऊ और बनारस जिलों में भेजा गया था। वीपीपैट मशीनों को भेजने को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा।