चौरी। भीषण विस्फोट से देशभर को हिला देने वाली रोटहां की घटना को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि शनिवार को घटनास्थल से सटे दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से खलबली मच गई। लोग अनहोनी की आशंका में दौड़कर मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्ट्या आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट मानी जा रहा है। भुक्तभोगी के मुताबिक आग लगने से हजारों का सामान जल गया।
शनिवार सुबह 10:30 बजे रामचंद्र यादव के दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में अचानक आग लग गई। घर से धुआं एठता देख महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बस्ती के आरिफ मंसूूरी, आशीष दूबे, अरविंद यादव, उमेश तिवारी, रहमत अली आदि ने दिलेरी दिखाते हुए घर से महिलाओं और बच्चों को सकुशल बहार निकाला। वहीं केबल काटकर बिजली आपूर्ति रोकते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की जाने लगी। इस बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेडकर्मी भी पहुंच गए। हालांकि जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचता, उससे पहले लगभग 50 हजार का समान जलकर राख हो गया था। परिजनों के अनुसार आग में फ्रिज, कूलर, टीवी, बर्तन समेत घर के तमाम सामान जल गए।