ज्ञानपुर। जिले के नौ केंद्रो पर रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों में पंजीकृत 11 हजार 202 अभ्यर्थियों में 620 अनुपस्थित रहे। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रो पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। पुलिस-प्रशासन की टीमें केंद्रो पर चक्रमण करती रहीं। सोमवार को भी सभी नौ केंद्रो पर परीक्षा होगी।
रविवार को सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के मद्देनजर आठ बजे से ही केंद्रो पर अभ्यर्थी पहुंचने लगे। ज्ञानपुर के ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल कंसापुर, डीजे मौर्य इंटर कॉलेज देवनाथपुर, बुनमैक्स पब्लिक स्कूल सूफीनगर, रामदेव पीजी कॉलेज समेत नौ केंद्रो पर पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक परीक्षा हुई जबकि दोपहर तीन से पांच बजे तक दूसरी पाली में परीक्षा हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 11 हजार 202 अभ्यर्थियों में 620 अनुपस्थित रहे। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रो पर सीसीटीवी कैमरे लगे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने जहां सभी केंद्रो का निरीक्षण किया वहीं क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर यादवेंद्र कुमार, औराई रामकरन और भदोही ने अपने-अपने क्षेत्र के केंद्रो पर पहुंचे। परीक्षा के चलते केंद्रो पर गहमागहमी का माहौल रहा। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि दोनो पालियों की परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गई। सोमवार को भी दोनो पालियों में परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि दोनों पालियों में करीब 620 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को पुलिस लाइन में कड़ी सुरक्षा की निगरानी में रखा गया है।