ज्ञानपुर। केंद्र निर्धारण को लेकर मांगी गई आधारभूत सूचनाओं की हार्डकापी उपलब्ध न कराने पर माध्यमिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। जिले के 40 से अधिक माध्यमिक और इंटर कॉलेजों ने विभाग को अब तक सूची उपलब्ध नहीं कराई, जिससे उनके केंद्र निर्धारण को लेकर समस्याएं उत्पन्न होने लगी हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रत्येक वर्ष होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी जुलाई में शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ हो जाती है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से केंद्र निर्धारण को लेकर राजकीय, अशासकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों से आधारभूत सूचनाएं मांगी थीं। इसमें बिजली, पानी, शौचालय, बाउंड्रीवाल, कक्ष, छात्रसंख्या समेत 12 से 13 बिंदु शामिल रहे। बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ ही स्कूलों को हार्डकापी विभाग को उपलब्ध करानी थी। जिले के 160 माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों में 80 को सूचनाएं देनी थीं, जबकि अब तक मात्र 40 ही जानकारी दे सके हैं। उक्त सूची को 31 अगस्त तक ही उपलब्ध कराना था। अब तक संत विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, सियाराम लालता प्रसाद इंटर कॉलेज, श्रीराम गर्ल्स इंटर कॉलेज, इंटर कॉलेज दवनपुर, लवकुश इंटर कॉलेज, हीरानंद इंटर कॉलेज बेरवा पहाड़पुर, इंटर कॉलेज पूरे नगरी, नेशनल इंटर कॉलेज, इंटर कॉलेज सरबतखानी, बरवां और परसीपुर समेत 40 माध्यमिक और इंटर कॉलेजों ने आधारभूत सूची उपलब्ध नहीं कराई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि डाटा उपलब्ध न कराने वाले स्कूलों को भविष्य में केंद्र बनने में मुश्किलें आएंगी। बोर्ड की ओर से समय बढ़ाने से उनको सहूलियत मिलेगी, अन्यथा बोर्ड के दिशा-निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।