गोपीगंज नगर में नल से आ रहा गंदा पानी। संवाद
गोपीगंज। नगर पालिका के चार वार्डों की करीब 15 हजार की आबादी पिछले तीन महीने से शुद्ध पेयजल के लिए परेशान है। वार्डवासी बाजार से बोतलबंद और आरओ पानी खरीदकर पीने को विवश हैं। हर घर में औसतन प्रतिदिन दो कैन आरओ वाटर की खपत हो रही है। ऐसे में लोगों को हर दिन करीब 40 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इन वार्डों में लंबे समय से गंदा और प्रदूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। गोपीगंज नगर पालिका की आबादी करीब 80 हजार है। नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए बड़े हिस्से में अब भी पुरानी पेयजल पाइप लाइन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वार्ड संख्या 7, 9, 10 और 22 (हनुमानगढ़ी) समेत अन्य क्षेत्रों में करीब चार दशक पहले बिछाई गई पाइप लाइन से जलापूर्ति हो रही है।
यह पाइप लाइन नगर में बने सीवर की नालियों के नीचे बिछी हैं। पुरानी होने के कारण पाइप लाइनें अक्सर क्षतिग्रस्त होती रहती हैं, जिससे लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंचता है। दूषित पेयजल की सप्लाई के कारण इन वार्डों की करीब 15 हजार आबादी पीने के पानी के लिए परेशान है।