औराई/घोसिया। शासन-प्रशासन की सख्ती की हाईवे पर पोल खुल गई। मुख्यमंत्री की हिदायत भी पुलिस पर बेअसर दिख रही है। अब भी हाईवे पर बेधड़क पशु तस्करी की जा रही है। औराई में बृहस्पतिवार को कंटेनर से 27 मवेशी की बरामदगी से ऊंज और गोपीगंज पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े हो गए।
बृहस्पतिवार को माधोसिंह फ्लाईओवर से पहले मवेशी लदा कंटेनर पुलिस ने रोक लिया। तलाशी में कंटेनर से 27 मवेशी बरामद हुए। चालक फैजान निवासी बमरौली प्रयागराज, खलासी दिलावर अमेठी, मजदूर शीबू और कंटेनर मालिक फैज नवाबगंज के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। सभी मवेशी को औराई स्थित चीनी मिल भेजा गया। एसओ औराई रामजी यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कंटेनर को रोका गया। 27 बरामद मवेशी गोशाला भेजे गए। उन्नाव से बिहार जाने वाला उक्त कंटेनर ऊंज और गोपीगंज थाने से आगे कैसे बढ़ गया। इसको लेकर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों की मानें तो थाने के कुछ सिपाही इसमें संलिप्त हैं। पिछले दिनों प्रयागराज से स्थानांतरित होकर आए कुछ सिपाही तस्करी की मानीटरिंग कर रहे हैं।
अब वाया दुर्गागंज भी पशु तस्करी
ज्ञानपुर। लॉकडाउन के बाद हाईवे पर सक्रिय हुए पशु तस्कर खर्च बचाने के लिए रास्ता बदलकर भी मवेशियों को गंतव्य भेज रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रयागराज के वारी से बड़ी संख्या में मवेशी छोटे वाहनों में भरकर जंघई से दुर्गागंज होकर आगे भेजे जा रहे हैं।