बेजवां सभागार में पीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते किसान। स्रोत विभाग
ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का इंतजार शनिवार को खत्म हो गया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में आयोजित एक कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से बटन दबाकर किसानों के खातों में राशि भेज दी है। दो-दो हजार रुपये किसानों को सम्मान निधि केरूप में मिले हैं। मैसेज आते ही किसानों का चेहरा खिल गया। किसानों के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिसंबर 2018 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरुआत की गई है। जिले में शुरुआती दौर में 1.78 लाख किसान ही पंजीकृत हुए थे, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर दो लाख 46 हजार पहुंच गई, हालांकि अपात्रों के नाम कटने से यह संख्या घटकर दो लाख से भी कम हो गई।
केवाईसी, भूमि का सत्यापन आदि पूर्ण होने के बाद कृषि विभाग की तरफ से एक लाख 89 हजार किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन लखनऊ से एक लाख 83 हजार 311 किसानों का ही लॉट आया। जिसको विभाग ने लॉक कर दिया। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही बटन दबाया पैसा आना शुरु हो गया। उप निदेशक कृषि राम प्रवेश ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 23वीं किस्त को जारी कर दिया है। दो-दो हजार की दर से एक लाख 83 हजार 311 किसानों को यह राशि जाएगी।