ज्ञानपुर। साहब! इलाज कर दो ना...दर्द हो रहा है। दवा लेकर खा लेता तो आराम हो जाता है...। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में दर्द से कराह रही एक महिला मरीज की इस गुहार पर अस्पताल का स्टाफ भी बेबस दिख रहा था। खास बात यह कि ईएमओ उस दौरान दमरजेंसी कक्ष में नहीं थे।
दोपहर 12:15 बजे इमरजेंसी में 10-12 मरीजों की भीड़ लगी थी। लेकिन, डॉक्टर साहब नदारद थे। वहां मौजूद एक नर्स ने बताया कि डाक्टर साहब सीएमएस साहब के कक्ष में आफिल का कामकाज निपटा रहे हैं। हालांकि सीएमएस कक्ष की पड़ताल की गई तो नर्स की बात झूठी निकली। चिकित्सालय के सूत्रों से पता चला कि वह इमरजेंसी के बगल वाले कमरे में सो रहे हैं। मौके पर जाकर देखा गया तो सूचना सही मिली। इमरजेंसी में अपनी पत्नी को दिखाने आए रजपुरा निवासी जोखन ने कहा कि आधे घंटे से वह इमरजेंसी में डॉक्टर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कंसापुर से अपनी मां को दिखाने आए मुकेश कुमार ने बताया कि वह लगभग 50 मिनट से इमाजेंसी में डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं। राजाराम बिंद, गोकुल यादव, तौफीक आलम, अनारादेवी, देवधर मिश्रा ने भी बताया कि वह लगभग घंटेभर से डाक्टर की प्रतीक्षा में इमाजेंसी में बैठे हैं। इस संबंध में सीएमएस डॉ. धरमवीर प्रसाद ने कहा कि इसकी जांच कर डाक्टर से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।