ज्ञानपुर। जिले में 207 रिक्रूट आरक्षियों की व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए शुक्रवार को विभिन्न थानों में तैनाती की गई। इनमें 50 महिला और 157 पुरुष आरक्षी शामिल हैं। एएसपी शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में इन आरक्षियों ने अपना आधारभूत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस कार्य नीति के अनुसार रिक्रूट आरक्षियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ फील्ड की जमीनी हकीकत, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनता से संवाद की व्यावहारिक समझ होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह तैनाती की गई है। यह व्यावहारिक प्रशिक्षण तीन महीने तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य बीट प्रणाली, पेट्रोलिंग, जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और दंगा नियंत्रण आदि स्थितियों का अनुभव प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि सभी थानों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन रिक्रूट आरक्षियों को वरिष्ठ उपनिरीक्षकों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण पुलिस कार्यों का गहन प्रशिक्षण प्रदान करें। इसका लक्ष्य उन्हें कुशल और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में तैयार करना है।